
मुंबई: असम की होनहार तैराक किउचेंघन फुकॉन ने इतिहास रचते हुए एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने एलीफेंटा आइलैंड से गेटवे ऑफ इंडिया तक की लगभग 13 किलोमीटर लंबी समुद्री तैराकी मात्र 3 घंटे 29 मिनट में पूरी कर विश्व की सबसे कम उम्र की तैराक बनने का गौरव हासिल किया।

इस उपलब्धि के साथ ही किउचेंघन फुकॉन अरब सागर में तैराकी करने वाली उत्तर-पूर्व भारत की पहली युवती तैराक बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे असम और उत्तर-पूर्व भारत में खुशी की लहर है।किउचेंघन फुकॉन डॉ. ज़ाकिर हुसैन एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स, अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सरुसजाई, गुवाहाटी (असम) में प्रशिक्षण लेती हैं। वे अपने कोच बाबुल गुरंग के कुशल मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कर रही हैं, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।
असम स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव भास्कर दास ने किउचेंघन फुकॉन को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह असम के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।किउचेंघन फुकॉन की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे असम और देश के लिए गर्व का विषय है।



